![]() |
| कृषि मंत्री गणेश जोशी कृषि एवं उद्यान विभाग की समीक्षा बैठक करते हुए |
बारिश न होने से फसलों को नुकसान, कृषि मंत्री गणेश जोशी ने दिए सख्त निर्देश
कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक
बैठक के दौरान कृषि मंत्री ने प्रदेश में बारिश के अभाव से किसानों को हो रहे नुकसान की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि फसलों को हुए नुकसान का सही और वास्तविक आंकलन किया जाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि किसानों को समय पर राहत दी जा सके।
गलत आंकड़े देने पर कृषि मंत्री की कड़ी नाराजगी
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने बारिश न होने से फसलों को हुए नुकसान के सटीक आंकड़े प्रस्तुत न किए जाने पर विभागीय अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की लापरवाही किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ है।
ये भी देखें: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने की योजनाओं की समीक्षा, धीमी प्रगति पर विभागाध्यक्ष होंगे जिम्मेदार
जिलेवार सर्वे कर शीघ्र रिपोर्ट देने के निर्देश
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिलेवार सर्वेक्षण कर बारिश न होने से हुए फसल नुकसान का विस्तृत आंकलन किया जाए और शीघ्र रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्वे और रिपोर्टिंग में किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार नहीं की जाएगी।
वीडियो:
किसानों से जुड़े मामलों में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
मंत्री गणेश जोशी ने दो टूक कहा कि किसानों से संबंधित मामलों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सर्वेक्षण या रिपोर्टिंग में गड़बड़ी पाई गई, तो जिम्मेदार अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस समीक्षा बैठक में अपर सचिव आनंद श्रीवास्तव, निदेशक कृषि दिनेश कुमार, संयुक्त निदेशक रतन कुमार, औद्यानिकी परिषद के सीईओ नरेंद्र यादव सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


0 टिप्पणियाँ