![]() |
| कण्वाश्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा का अनावरण करती विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खण्डूडी |
ऐतिहासिक कण्वाश्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा का भव्य अनावरण
बसंत पंचमी पर सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ी पहल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोटद्वार के लिए कीं कई विकास घोषणाएं
पौड़ी गढ़वाल | 23 जनवरी 2026
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर कोटद्वार स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थल कण्वाश्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रतिमा का अनावरण विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खण्डूडी भूषण द्वारा कण्वाश्रम में आयोजित चार दिवसीय सांस्कृतिक मेले के समापन अवसर पर किया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो संदेश के माध्यम से क्षेत्रवासियों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं तथा कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण विकासात्मक घोषणाएं कीं।
सांस्कृतिक विरासत को मिलेगी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
कोटद्वार के लिए मुख्यमंत्री की छह बड़ी घोषणाएं
मुख्यमंत्री द्वारा कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र के विकास हेतु की गई प्रमुख घोषणाओं में शामिल हैं—
मोटाढाक एवं हल्दूखाता नगरीय पेयजल योजना की पाइपलाइन का सुदृढ़ीकरण
राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में दो अतिरिक्त कक्षों एवं चारदीवारी का निर्माण
विकासखंड दुगड्डा में खो नदी के दोनों तटों पर बाढ़ सुरक्षा कार्य
दुगड्डा क्षेत्र में सुखरों नदी के तट पर आस्था पथ का निर्माण
चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पाखरो मोटर मार्ग (किमी 13 से 16) का सुदृढ़ीकरण
शशिधर भट्ट स्टेडियम का जीर्णोद्धार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का समग्र और संतुलित विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
ये भी देखें: गढ़मुक्तेश्वर में गढ़ गंगा विश्वविद्यालय की मांग तेज, SDM के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी : विधानसभा अध्यक्षा
विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग थी, जो आज पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि सम्राट भरत भारतीय इतिहास और संस्कृति के महान प्रतीक हैं और उनकी प्रतिमा से कण्वाश्रम की ऐतिहासिक पहचान और अधिक सशक्त होगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं सांसद गढ़वाल अनिल बलूनी का कण्वाश्रम में हो रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
महोत्सव के दौरान प्रसिद्ध जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को उत्तराखंड की लोकसंस्कृति से जोड़ दिया।
ये रहे कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख लोग
कार्यक्रम में मेयर कोटद्वार शैलेन्द्र सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, पुलिस उपाधीक्षक निहारिका सेमवाल, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय, शैलेन्द्र सिंह बिष्ट गढ़वाली, पूर्व पार्षद कमल नेगी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



0 टिप्पणियाँ