Ticker

10/recent/ticker-posts

71वां गढ़वाल कप: गढ़वाल हीरोज की शानदार जीत, पेनल्टी शूटआउट में मेरठ स्पोर्टिंग ने मारी बाज़ी

 


कोटद्वार स्टेडियम में फुटबॉल का जुनून चरम पर, सेमीफाइनल की दो टीमें तय

कोटद्वार (कण्वनगरी)। स्व. शशिधर भट्ट राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित फुटबॉल के महाकुंभ 71वें गढ़वाल कप के चौथे दिन मैदान पर जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। भारी संख्या में उमड़े दर्शकों के बीच खेले गए मुकाबलों में एक ओर गढ़वाल हीरोज ने एकतरफा जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई, वहीं दूसरे मुकाबले में मेरठ स्पोर्टिंग ने पेनल्टी शूटआउट के रोमांचक संघर्ष में वेलोसिटी चंडीगढ़ को पराजित कर अंतिम चार में प्रवेश किया।

दिन के पहले मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि कर्नल चंद्रपाल पटवाल एवं विशिष्ट अतिथियों सुरेंद्र सिंह (अध्यापक), प्रभु दयाल सिंह बिष्ट (एवरेस्ट विजेता) द्वारा किया गया। दूसरे मैच के दौरान समाजसेवी निशांत नेगी, मंडी समिति कोटद्वार के अध्यक्ष सुमन कोटनाला, पूर्व खिलाड़ी भीम सिंह रावत, गोपाल जसोल सहित खेल संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


पहला मुकाबला: गढ़वाल हीरोज बनाम होलीगंस पंजाब (3–0)

मैच की शुरुआत से ही गढ़वाल हीरोज की टीम आक्रामक नजर आई। पहले हाफ के 17वें मिनट में मिलेंद ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में 70वें मिनट में नवीन और 82वें मिनट में डूडू ने गोल कर जीत सुनिश्चित की। 3–0 की दमदार जीत के साथ गढ़वाल हीरोज ने सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया।

दूसरा मुकाबला: मेरठ स्पोर्टिंग बनाम वेलोसिटी चंडीगढ़ (1–1, पेनल्टी 4–2)

दिन का दूसरा मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। विदेशी खिलाड़ियों से सजी वेलोसिटी चंडीगढ़ की टीम ने तेज खेल का प्रदर्शन किया। दूसरे हाफ के 46वें मिनट में समाथा ने चंडीगढ़ के लिए गोल किया। इसके जवाब में मेरठ स्पोर्टिंग के आदित्य तोमर ने 79वें मिनट में शानदार गोल दागकर स्कोर 1–1 से बराबर कर दिया। निर्धारित समय तक बराबरी रहने के बाद मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में गया, जहां मेरठ स्पोर्टिंग के गोलकीपर विवेक तेवतिया ने दो महत्वपूर्ण पेनल्टी बचाकर अपनी टीम को 4–2 से जीत दिलाई और सेमीफाइनल में पहुंचाया।


कल होंगे क्वार्टर फाइनल के हाई-वोल्टेज मुकाबले

आयोजकों के अनुसार 8 जनवरी 2026 को टूर्नामेंट के दो रोमांचक क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।
पहला मैच: 16वीं गढ़वाल रायफल बनाम ऋषिकेश एफसी (सुबह 11 बजे)
दूसरा मैच: सिद्धबली यूनाइटेड कोटद्वार बनाम स्ट्राइकर एफसी हरियाणा

मैचों का संचालन रेफरी प्रकाश, प्रदीप, सुमित, शिवा, ऋतिक, सुजल जोशी एवं इंदर सिंह द्वारा किया गया, जबकि कमेंट्री मेहरबान सिंह नेगी ने की।

उल्लेखनीय है कि गढ़वाल कप के सभी रोमांचक मुकाबलों का सीधा प्रसारण ‘देवभूमि स्पोर्ट्स’ यूट्यूब चैनल पर किया जा रहा है, जिससे खेल प्रेमी घर बैठे भी मैचों का आनंद ले सकें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ