![]() |
| मवाकोट गेंद मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान लोक कलाकारों की प्रस्तुति |
“तू है बांद जौनसार” पर झूमे दर्शक, मवाकोट गेंद मेले में खेल और संस्कृति का संगम
कोटद्वार।
शंकरदत्त जोशी गेंद मेला समिति के तत्वावधान में मवाकोट में आयोजित पारंपरिक गेंद मेले के दूसरे दिन खेल प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मेले में वॉलीबॉल प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले खेले गए, वहीं लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शक देर तक झूमते रहे।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में राइजिंग सन पब्लिक स्कूल ने नवयुग पब्लिक स्कूल को पराजित कर खिताब अपने नाम किया। वहीं बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में इंटर कॉलेज मोटाढांक ने डेफोडिल्स पब्लिक स्कूल को हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया।
गेंद मेले के दूसरे दिन का उद्घाटन मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष सुमन कोटनाला ने किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह रावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका अनीता बिष्ट, अंकित खंतवाल एवं विवेकानंद ने निभाई, जबकि स्कोरर धीरेंद्र कंडारी रहे। मैच का आंखों देखा हाल हर्षवर्धन बिंजोला ने प्रस्तुत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत पुष्कर भारद्वाज द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुई। इसके बाद प्रसिद्ध लोक गायक जीतू पहाड़ी और लोक गायिका ज्योति मौर्य ने
“तू है बांद जौनसार की…”, “हाय तेरी रुमाला”, “हाथ म तू खेलू कृष्ण गोविंदा जी”, “राम देही का होटल”, “ओ भिना कख जाणा द्वारहटा”, “चल छोरी” जैसे लोकप्रिय लोक गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को उत्सवमय बना दिया। हास्य कलाकार संदीप छिलबट ने अपने व्यंग्य से दर्शकों को खूब हंसाया।
इस अवसर पर मेला समिति के अध्यक्ष कुलदीप रावत, पितृशरण जोशी, राजेंद्र खैरवाल, दीपक सिंह रावत, आर.पी. पंत, नवीन केष्टवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन शशिबाला केष्टवाल एवं शकुंतला बुड़ाकोटी ने किया।



0 टिप्पणियाँ