सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी का पौड़ी में शुभारंभ, 5000 मीटर दौड़ में केदारनाथ के शाहिल प्रथम
रांसी स्टेडियम में खेल महाकुंभ-2025 के अंतर्गत प्रतियोगिताओं की जोरदार शुरुआत
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल आज केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह रोजगार, आत्मनिर्भरता और पहचान का सशक्त जरिया बन चुका है। उन्होंने कहा कि खेल महाकुंभ और सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी जैसे आयोजन ग्रामीण और पर्वतीय क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाओं को आगे लाने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
खेल अधोसंरचना को मजबूत कर रही है सरकार: विधायक राजकुमार पोरी
कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी जैसे आयोजन युवाओं की प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
11 विधानसभाओं के खिलाड़ी ले रहे हैं भाग
इस चैम्पियनशिप में पौड़ी गढ़वाल जनपद की यमकेश्वर, श्रीनगर, पौड़ी, चैबटटाखाल, लैन्सडाउन, कोटद्वार, रुद्रप्रयाग जनपद की केदारनाथ व रुद्रप्रयाग, टिहरी जनपद की देवप्रयाग व नरेंद्रनगर तथा नैनीताल जनपद की रामनगर विधानसभा सहित कुल 11 विधानसभाओं के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
अंडर-14 व अंडर-19 आयुवर्ग में कई खेल स्पर्धाएं
प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-19 आयुवर्ग के अंतर्गत एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, खो-खो, कबड्डी, रस्साकस्सी, मलखंब, गोली (कंचा), पिट्टू और मुर्गा झपट जैसी पारंपरिक व आधुनिक खेल स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। यह प्रतियोगिता 15 से 30 जनवरी 2026 तक चलेगी।
विजेताओं को नकद पुरस्कार व मेडल
जिला युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक स्पर्धा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 800 रुपये, द्वितीय को 600 रुपये और तृतीय को 400 रुपये की धनराशि के साथ प्रमाण पत्र एवं मेडल प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार राशि खिलाड़ियों को डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से दी जाएगी। सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी के विजेता खिलाड़ी आगे मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी में प्रतिभाग करेंगे।
एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।
- 5000 मीटर दौड़ (अंडर-19 बालक वर्ग):केदारनाथ के शाहिल प्रथम, नरेंद्रनगर के हरीश द्वितीय और श्रीनगर के भास्कर रावत तृतीय स्थान पर रहे।
- 800 मीटर दौड़ (अंडर-19 बालक वर्ग):केदारनाथ के आयुष प्रथम, लैन्सडाउन के आयुष द्वितीय और देवप्रयाग के आशीष चौहान तृतीय रहे।
- 600 मीटर दौड़ (अंडर-14 बालक वर्ग):लैन्सडाउन के कृष्णा प्रथम, श्रीनगर के प्रकाश नेगी द्वितीय और रुद्रप्रयाग के केशव तृतीय रहे।
- गोला फेंक (अंडर-19 बालक वर्ग):श्रीनगर के बाबी प्रथम, गौरव द्वितीय और रुद्रप्रयाग के समीर तृतीय रहे।
- 100 मीटर दौड़ (अंडर-14 बालक वर्ग):श्रीनगर के नूर अहमद प्रथम, देवप्रयाग के आशीष द्वितीय और नरेंद्रनगर के अनिरुद्ध तृतीय रहे।
- गोला फेंक (अंडर-14 बालक वर्ग):पौड़ी के आशुतोष राणा प्रथम, देवप्रयाग के सूरजलाल द्वितीय और चैबटटाखाल के सूर्यांश तृतीय स्थान पर रहे।
रांसी स्टेडियम में पहले दिन से ही खिलाड़ियों का उत्साह और प्रतिस्पर्धा देखने लायक रहा। आयोजकों के अनुसार आने वाले दिनों में टीम एवं व्यक्तिगत दोनों वर्गों में मुकाबले और भी रोमांचक होंगे।



0 टिप्पणियाँ