![]() |
| Dehradun to Pithoragarh flight launched by CM Pushkar Singh Dhami at Jolly Grant Airport |
✈️ देहरादून–पिथौरागढ़ विमान सेवा शुरू: अब एक घंटे में सफर, मुख्यमंत्री धामी ने किया शुभारंभ
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से देहरादून–पिथौरागढ़–देहरादून विमान सेवा का विधिवत शुभारंभ किया। रामनवमी के शुभ अवसर पर शुरू हुई इस सेवा के तहत अब 42 सीटर विमान से पिथौरागढ़ से देहरादून की दूरी मात्र एक घंटे में तय की जा सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हवाई सेवा न केवल आम जनता के लिए सुविधाजनक है, बल्कि सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे सीमांत क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि एक समय हवाई यात्रा केवल संपन्न वर्ग तक सीमित थी, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आम नागरिक भी हवाई सफर कर रहा है। वर्ष 2016 में शुरू की गई उड़ान (UDAN) योजना ने छोटे शहरों और दूरस्थ क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि केंद्र सरकार ने हाल ही में उड़ान योजना 2.0 को मंजूरी दी है। इसके तहत अगले 10 वर्षों में करीब 29 हजार करोड़ रुपये की लागत से 100 नए हवाई अड्डे और 200 हेलीपैड विकसित किए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य टियर-2 और टियर-3 शहरों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में हवाई सेवाएं जीवनरेखा बन चुकी हैं। यह सेवाएं आपातकालीन चिकित्सा, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
ये भी देखें: पौड़ी गढ़वाल में सौर ऊर्जा क्रांति: सोलर योजनाओं से बिजली बचत और युवाओं को रोजगार
बेहद साधारण लेकिन सुकून भरा ’पाली होमस्टे’, लैंसडौन, उत्तराखंड
"Not Luxury But Stay With Legacy!"
Book Your Room ☎️ Call/WhatsApp @ 8630967865 / 8899804910
🏡 Pali Homestay, Lansdowne, Uttarakhand
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य में उड़ान योजना के तहत 26 हवाई मार्ग संचालित हो रहे हैं। साथ ही, वर्ष 2023 में शुरू की गई उत्तराखण्ड एयर कनेक्टिविटी योजना के अंतर्गत 6 मार्गों पर नियमित उड़ानें संचालित की जा रही हैं।
बीते चार वर्षों में राज्य में हेलिपोर्ट्स की संख्या 2 से बढ़कर 12 हो गई है, जबकि हेलीपैड की संख्या 60 से बढ़कर 118 तक पहुंच चुकी है। राज्य को “बेस्ट स्टेट फॉर प्रमोशन ऑफ एविएशन इकोसिस्टम” का राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस नई सेवा से पिथौरागढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। साथ ही पिथौरागढ़–मुनस्यारी के बीच हेलीकॉप्टर सेवा भी शुरू की गई है।
उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ हवाई अड्डे के विकास के लिए 450 करोड़ रुपये की परियोजना पर कार्य चल रहा है। इसके अलावा नैनी सैनी हवाई अड्डे के अधिग्रहण के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण और राज्य सरकार के बीच एमओयू भी साइन किया गया है।
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने वीडियो संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक बृजभूषण गैरोला सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



0 टिप्पणियाँ