Ticker

10/recent/ticker-posts

कोटद्वार में गैस वितरण को लेकर सख्त निर्देश, घर-घर सिलेंडर पहुंचाने के आदेश

ऋतु खण्डूडी भूषण द्वारा कोटद्वार में गैस वितरण व्यवस्था की समीक्षा बैठक


📍 कोटद्वार | 31 मार्च 2026

उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने मंगलवार को अपने कैंप कार्यालय में गैस वितरण व्यवस्था को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारी और गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए।


बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एलपीजी सिलेंडरों की डोर-टू-डोर सप्लाई पूर्व की तरह सुचारु रूप से जारी रखी जाए, ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि वितरण प्रणाली में लापरवाही बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अध्यक्ष ने कहा कि गैस एजेंसियां उपभोक्ताओं की मांग के अनुसार ही सिलेंडर उपलब्ध कराएं, जिससे कृत्रिम कमी या अनावश्यक भंडारण जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने पारदर्शी और समयबद्ध वितरण प्रणाली को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

इस दौरान उन्होंने नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

बैठक में उपजिलाधिकारी संदीप कुमार, पुलिस उपाधीक्षक मनोज ठाकुर, निरीक्षक प्रदीप नेगी और खाद्य निरीक्षक करण क्षेत्री सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। सभी को निर्देश दिए गए कि वे समय-समय पर वितरण व्यवस्था की निगरानी करें और शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करें।


बैठक के बाद विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने क्षेत्र का दौरा कर आम लोगों से संवाद किया और उन्हें आश्वस्त किया कि पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है तथा हर घर तक आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अफरा-तफरी से बचें।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ