मनोज नौडियाल
कोटद्वार। डॉ० पीतांबर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में ' मेरी माटी, मेरा देश अभियान " के अंतर्गत "विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस" के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वाधान में व्यापक स्तर पर "वृक्षारोपण कार्यक्रम" आयोजित किया गया ।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रोफेसर जानकी पवार की प्रेरणा से महाविद्यालय राष्ट्रीय सेवा योजना स्वयंसेवियों द्वारा महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर एम डी कुशवाहा के नेतृत्व में महाविद्यालय परिसर में स्थित व्यवसायिक पाठ्यक्रम भवन के सम्मुख विभिन्न प्रजातियों के फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर एम डी कुशवाहा ने उपस्थित स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिये वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। वृक्ष न केवल हवा को शुद्ध करते हैं, साथ ही पानी को भी संरक्षित करते हैं एवं जलवायु नियंत्रण तथा मिट्टी की उर्वरा शक्ति को बरकरार रखने में भी सहायक होते हैं। उन्होंने स्वरचित कविता के माध्यम से विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा प्रकृति को संरक्षित करने पर विशेष जोर दिया ।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ संतोष कुमार गुप्ता ने "विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस" मनाए जाने के औचित्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस 2023 की थीम “ वन और आजीविका : लोगो और ग्रह को कायम रखना ” है । उन्होंने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग, प्रदूषण और लुप्तप्राय और विलुप्त होने वाली प्रजातियां प्रकृति में भारी असंतुलन पैदा कर रही हैं, इसलिए उनको बचाए रखने के लिए पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा करनी बहुत जरूरी है । उन्होंने कहा कि विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस मनाने का एक मुख्य लक्ष्य पौधों और जानवरों की विलुप्त होती प्रजातियों को बचाना है ।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ सरिता चौहान एवं डॉ रोशनी असवाल ने महाविद्यालय में स्वयंसेवियों के माध्यम से "मेरी माटी मेरा देश" कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापक रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम कराया तथा प्राकृतिक संसाधनों की पूरी कोशिश से रक्षा करने का संकल्प दिलाया ।
इस अवसर पर उपस्थित वाणिज्य विभाग प्रभारी प्रोफेसर प्रीति रानी ने आर्थिक विकास, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के बीच संतुलन बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में डॉ सुरेश कुमार, डॉ चंद्रप्रभा भारती, वीरेंद्र सैनी, श्रीमती लीला देवी तथा अभिषेक नेगी, उदय नैथानी, रिया बिष्ट, कंचन, दिव्या जोशी, इशिका पवार, अभिषेक अग्रवाल, उज्जवल, सुमित कुमार, अभिजीत कंडारी, निखिल पटवाल, करन सिंह, तनु अर्चना, सचिन नेगी, आकाश, सौरभ, हिमानी, अतुल, विशाल नेगी आदि राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवी उपस्थित रहे !!!


0 टिप्पणियाँ