पौड़ी गढ़वाल। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के सफल सम्पादनार्थ हेतु एनआईसी कक्ष पौड़ी में पर्यवेक्षक पौड़ी व श्रीनगर डॉ0 पार्थ सारथी मिश्रा, लैंसडाउन व चौबट्टाखाल सामान्य प्रेक्षक केएस दयानंद तथा जिला निर्वाचन अधिकारी पौड़ी गढ़वाल डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे की अध्यक्षता में राजनैतिक पार्टियों व सम्बंधित नोडल अधिकारियों की उपस्थिति में ईवीएम मशीनों का द्वितीय रेंडमाइजेशन सम्पन्न किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपस्थित राजनैतिक दलों से आये प्रतिनिधियों को ईवीएम मशीनों की विस्तृत जानकारी भी दी। इस दौरान समस्त विधानसभाओं हेतु क्रमवार रेंडमाइजेशन किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जोगदण्डे ने आयोजित द्वितीय रेंडमाइजेशन में पर्यवेक्षकों व राजनैतिक पार्टियों से आये प्रतिनिधियों को जानकारी देते हुए अवगत कराया कि डाटा के आधार पर कार्मिकों को नियुक्ति आदेश जारी भी किया गया है। कहा कि ट्रेनिंग के दौरान कार्मिकों को ईवीएम मशीन सहित अन्य जानकारी साझा की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को कहा कि किसी पार्टी के प्रत्याशी पर आपराधिक मामले दर्ज हैं तो वह समय से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 03-03 बार प्रकाशित करें। साथ ही उन्होंने कहा कि जारी कोविड गाइडलाइन के अनुसार ही उसका पालन करें, जिससे कोविड का खतरा नहीं बना रहेगा। उन्होंने कहा समस्त पार्टी सुविधा पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन परमिशन ले सकते हैं। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि जिन बूथों में राजनैतिक दलों को व्यवस्था पूर्ण नहीं लग रही हैं वह उन बूथों का नाम सम्बंधित विधानसभा के आरओ को उसकी सूचना दें। जिससे वहां समय से व्यवस्था की जा सकेगी।
0 टिप्पणियाँ