- शौर्य, बलिदान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक: विधायक!
एबीएन आवाज़ न्यूज़
पौड़ी, 26 जुलाई 2025: जनपद में कारगिल विजय दिवस को शौर्य दिवस के रूप में मनाया गया। कारगिल विजय दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर जनपद मुख्यालय के शहीद स्मारक एजेंसी चौक पौड़ी में स्थानीय विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों व पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध के शहीद वीर जवानों को पुष्प चक्र व श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम से पूर्व छात्र-छात्राओं द्वारा एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक प्रभात फेरी निकाली गयी।
प्रेक्षागृह में शहीद के परिजनों को सम्मानित कार्यक्रम के दौरान विधायक राजकुमार पोरी ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 1999 में मई से जुलाई के मध्य जम्मू कश्मीर के कारगिल जनपद में पाकिस्तानी सेना के घुसपैठियों एवं भारतीय सेना के बीच जंग हुई थी। जिसमें हमारी सेना ने अति विकट भौगोलिक परिस्थितियों में अभूतपूर्व शौर्य का प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार भगाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना के घुसपैठियों को मुंह तोड़ जबाव देने और उन्हें मार भगाने के लिए हमारी सेना ने एक रणनीति बनायी जिसे ऑपरेशन विजय नाम दिया गया।
सैनिक कल्याण अधिकारी करन सिंह रावत ने बताया कि वर्ष 1999 में पाकिस्तान ने कारगिल पर हमला कर दिया था, इस दौरान देश के कई सैनिकों ने देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है, जिसे देश हमेशा याद करता रहेगा। कारगिल युद्ध लगभग 60 दिनों तक चला और इस युद्ध की समाप्ति 26 जुलाई को हुई। इस युद्ध में भारतीय सेना ने जीत हासिल की। तब से हर साल 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है और युद्ध में शहीद होने वाले भारतीय सेना के जवानों को और देश के लिए दी गयी कुर्बानी को याद किया जाता है।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल, संयुक्त मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट, सीओ त्रिवेंद्र सिंह राणा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, ईओ नगर पालिका शांति प्रसाद जोशी, सहायक अधिकारी सैनिक कल्याण सत्यपाल सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन अद्वैत बहुगुणा ने किया।
0 टिप्पणियाँ