![]() |
| CDS Anil Chauhan Srinagar Youth Program 2026 |
श्रीनगर में 21 फरवरी को युवाओं से संवाद करेंगे CDS जनरल अनिल चौहान
“विकसित भारत में युवाओं की भूमिका” विषय पर मेडिकल छात्रों को देंगे मार्गदर्शन
श्रीनगर गढ़वाल, 18 फरवरी 2026। देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) अनिल चौहान आगामी 21 फरवरी को श्रीनगर गढ़वाल प्रवास के दौरान युवाओं, विशेषकर मेडिकल छात्र-छात्राओं से संवाद करेंगे। यह विशेष कार्यक्रम “विकसित भारत में युवाओं की भूमिका” विषय पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें वे राष्ट्र निर्माण में युवाओं के योगदान पर अपने विचार साझा करेंगे।
यह संवाद कार्यक्रम वीर चंद्र सिंह गढ़वाली राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान के सभागार में आयोजित होगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट रूप से उपस्थित रहेंगे।
ये भी देखें: पौड़ी में हथकरघा व लघु उद्योग उत्कृष्टता पुरस्कार 2026, 23 फरवरी तक आवेदन
संस्थान के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं और छात्र-छात्राओं में इस अवसर को लेकर विशेष उत्साह है। एमबीबीएस के विद्यार्थियों ने इसे अपने लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक क्षण बताया है।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह संवाद हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में प्रस्तावित था, जिसे विस्तारित करते हुए मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं को भी शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इससे चिकित्सा शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को देश के शीर्ष सैन्य अधिकारी से सीधे मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
संवाद के दौरान जनरल चौहान अपने दीर्घ सैन्य जीवन के अनुभव, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, समर्पण और ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना पर प्रकाश डालेंगे। उन्होंने युवाओं की भूमिका को विकसित भारत के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए चिकित्सा क्षेत्र में सेवा भाव को राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप बताया।

0 टिप्पणियाँ