
Muhammad Saad Kotdwar Reliance Foundation Young Champs Mumbai Trial 2026Muhammad Saad Kotdwar Reliance Foundation Young Champs Mumbai Trial 2026
कोटद्वार के मुहम्मद साद का चयन Reliance Foundation Young Champs के मुंबई ट्रायल के लिए
कोटद्वार/उत्तराखंड। कोटद्वार के 13 वर्षीय प्रतिभाशाली फुटबॉलर मुहम्मद साद ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए Reliance Foundation द्वारा संचालित रिलायंस फाउंडेशन यंग चैंप्स के फाइनल ट्रायल के लिए मुंबई में प्रवेश प्राप्त किया है। साद दिल्ली से हवाई यात्रा कर मुंबई रवाना हुए, जहां वे अंतिम चरण की चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे।
देहरादून चयन से सीधे मुंबई फाइनल तक
कोटद्वार फुटबॉल संघ की पहल पर साद सहित पांच उदीयमान खिलाड़ियों ने देहरादून में आयोजित प्रथम चरण चयन में भाग लिया। शानदार प्रदर्शन के आधार पर मुहम्मद साद को सीधे मुंबई में आयोजित फाइनल ट्रायल के लिए आमंत्रित किया गया है।
झंडाचौक निवासी साद कान्वेंट स्कूल की कक्षा 6 के छात्र हैं। उनके पिता खुर्शीद अहमद एक उद्यमी हैं, जबकि माता शगुफ्ता परवीन गृहिणी हैं।
ग्रासरूट से प्रोफेशनल प्रशिक्षण तक का सफर
वर्ष 2023 में “फुटबॉल फॉर स्कूल्स” कार्यक्रम के समन्वयक सिद्धार्थ रावत ने साद की प्रतिभा को पहचानते हुए उनकी स्काउटिंग की। इसके बाद उन्हें स्पोर्ट्स स्टेडियम कोटद्वार में कोच महेंद्र रावत के मार्गदर्शन में ग्रासरूट स्तर पर प्रशिक्षण दिया गया।
वर्ष 2024 में साद ने Khelo India ट्रेनिंग कैंप जॉइन किया, जहां पूर्व खिलाड़ी एवं युवा कोच संदीप रावत ने उनकी तकनीकी दक्षता पर विशेष कार्य किया। वर्ष 2025 में कोच शिवा चौधरी के निर्देशन में साद ने उन्नत तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त किया।
खेल संघ के कार्यालय सचिव ऋतिक ने बताया कि साद श्री सिद्धबली अकादमी के पंजीकृत खिलाड़ी हैं और उनका चयन नॉर्थ इंडिया से हुआ है।
पूरी तरह वित्तपोषित छात्रवृत्ति का अवसर
चयनित अंडर-14 खिलाड़ियों को शिक्षा, पोषण, आवास एवं मानसिक विकास सहित संपूर्ण प्रशिक्षण सुविधाएं छात्रवृत्ति के तहत प्रदान की जाती हैं। यह कार्यक्रम युवा खिलाड़ियों को पेशेवर फुटबॉलर बनने की दिशा में तैयार करता है।
अंतरराष्ट्रीय कोच सुनील रावत ने शुभकामनाएं देते हुए बताया कि नवी मुंबई स्थित यह अकादमी एएफसी से मान्यता प्राप्त टू-स्टार अकादमी है, जिसका उद्देश्य पेशेवर स्तर के फुटबॉलरों का निर्माण करना है।
सेवानिवृत्त कर्नल चंद्रपाल पटवाल स्टेडियम इंचार्ज श्याम डांगी ने भी मुहम्मद साद के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
0 टिप्पणियाँ