Ticker

10/recent/ticker-posts

पौड़ी गढ़वाल के चिलोली गांव में खुदाई के दौरान मिलीं प्राचीन मूर्तियां, पुरातत्व विभाग ने संभाला संरक्षण

चिलोली गांव पौड़ी गढ़वाल में खुदाई के दौरान मिली गणेश प्रतिमा और नागयुक्त शिवलिंग

पौड़ी गढ़वाल, 25 मार्च 2026।

जनपद के विकासखंड कल्जीखाल अंतर्गत किमोली-चिलोली गांव में खुदाई के दौरान दो प्राचीन मूर्तियां मिलने से क्षेत्र में उत्साह और जिज्ञासा का माहौल है। ये मूर्तियां एक पुराने जल स्रोत के सौंदर्यीकरण कार्य के दौरान सामने आईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मिली मूर्तियों में एक भगवान गणेश की प्रतिमा है, जबकि दूसरी नाग से अलंकृत शिवलिंग की है, जिन्हें धार्मिक और पुरातात्विक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

ग्राम प्रधान हेमंती देवी ने बताया कि खुदाई के दौरान मूर्तियां मिलने पर तत्काल इसकी सूचना पुरातत्व विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुरातत्व इकाई पौड़ी की टीम प्रभारी अनिरुद्ध सिंह बिष्ट के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और स्थल का निरीक्षण किया।


प्रारंभिक जांच में मूर्तियां प्राचीन प्रतीत हो रही हैं। विभाग के अनुसार, इनका विस्तृत अध्ययन और काल निर्धारण विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा। फिलहाल दोनों प्रतिमाओं को सुरक्षित संरक्षण के लिए विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।

पुरातत्व विभाग ने बताया कि भविष्य में इन मूर्तियों को पौड़ी स्थित निर्माणाधीन हेरिटेज भवन के संग्रहालय में प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे आमजन इस ऐतिहासिक धरोहर को करीब से देख सकेंगे।

इस मौके पर संरक्षक सहायक पुरातत्व अनिल नेगी, मानचित्रकार प्रेमचंद्र ध्यानी, फोटोग्राफर विनीत गिरी, पंकज सहित स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद रहे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ