Ticker

10/recent/ticker-posts

कृषि विभाग में अनियमितताओं पर सख्त हुए मंत्री गणेश जोशी, पूरे मामले की जांच के दिए आदेश

उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कृषि विभाग में अनियमितताओं के मामले में जांच के आदेश दिए।

देहरादून। उत्तराखंड के कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री Ganesh Joshi ने कृषि विभाग में सामने आई अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

मंत्री ने हाल ही में विभिन्न दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों का संज्ञान लेते हुए विभागीय सचिव को विस्तृत जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। समाचारों में आरोप लगाया गया था कि कृषि विभाग के अंतर्गत निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे किसानों, आमजन, पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

प्रकाशित रिपोर्टों के अनुसार कुछ मामलों में विभाग द्वारा नियमों के विपरीत अपात्र व्यक्तियों और फर्मों को पेस्ट कंट्रोल के लाइसेंस जारी किए जाने की बात सामने आई है। इसके साथ ही कुछ दुकानों पर प्रतिबंधित कीटनाशकों की अवैध बिक्री होने के भी आरोप लगाए गए हैं।

इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री गणेश जोशी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।

मंत्री ने यह भी कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर कोई अधिकारी या व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ