![]() |
| असम दौरे पर जाएंगे कृषि मंत्री गणेश जोशी, उत्तराखंड में चाय उत्पादन बढ़ाने की तैयारी |
देहरादून, 28 मार्च: उत्तराखंड में चाय उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने नई पहल शुरू की है। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी 10 से 16 अप्रैल तक असम के दौरे पर रहेंगे, जहां वे उन्नत चाय उत्पादन तकनीकों का अध्ययन करेंगे।
इस पांच दिवसीय भ्रमण के दौरान कृषि मंत्री असम के प्रमुख चाय बागानों और आधुनिक चाय फैक्ट्रियों का निरीक्षण करेंगे। साथ ही उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन व्यवस्था को समझने के लिए स्थानीय चाय उत्पादकों और निर्यातकों के साथ विस्तृत बैठकें की जाएंगी।
दौरे में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, सल्ट विधायक महेश सिंह जीना, चाय विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष, कृषि सचिव तथा अन्य अधिकारी भी शामिल रहेंगे। प्रतिनिधिमंडल का मुख्य उद्देश्य असम के सफल चाय मॉडल का अध्ययन कर उसे उत्तराखंड में लागू करने की संभावनाओं का आकलन करना है।
भ्रमण के दौरान टी-टूरिज्म (Tea Tourism) मॉडल का भी अध्ययन किया जाएगा। इसके तहत चाय बागान मालिकों के साथ विचार-विमर्श कर उत्तराखंड में टी-टूरिज्म के विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि इस दौरे से प्राप्त अनुभव राज्य में चाय उद्योग के विकास, गुणवत्ता सुधार और किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

0 टिप्पणियाँ