![]() |
| कोटद्वार में महिला हेल्प डेस्क और साइबर सेल का निरीक्षण करती महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल |
कोटद्वार में महिला हेल्प डेस्क और साइबर सेल का औचक निरीक्षण, महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने पर जोर
महिला आयोग अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने काउंसलिंग प्रक्रिया का लिया जायजा, साइबर अपराधों पर प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश
कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल | 14 मार्च 2026
उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने शनिवार को कोटद्वार में महिला हेल्प डेस्क और साइबर सेल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने महिला हेल्प डेस्क में चल रही काउंसलिंग प्रक्रिया का भी अवलोकन किया और मौजूद दोनों पक्षों की समस्याएं सुनकर आपसी समन्वय के माध्यम से विवादों को सुलझाने का प्रयास किया।
अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा कि पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाना और परिवारों को टूटने से बचाना शासन और प्रशासन की संयुक्त जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि महिला हेल्प डेस्क का उद्देश्य केवल शिकायत दर्ज करना ही नहीं बल्कि काउंसलिंग के माध्यम से पारिवारिक विवादों को सुलझाना भी है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने हेल्प डेस्क प्रभारी से वर्ष 2025-26 में दर्ज मामलों की जानकारी ली। समीक्षा में सामने आया कि इस अवधि में अब तक कुल 540 मामले पंजीकृत किए गए, जिनका सफलतापूर्वक निस्तारण किया जा चुका है।
वहीं वर्ष 2026 के शुरुआती दो महीनों यानी जनवरी-फरवरी में 112 नए मामले दर्ज हुए, जिन पर वर्तमान में सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया जारी है।
इसके बाद महिला आयोग अध्यक्ष ने साइबर सेल का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से जुड़े ऑनलाइन अपराधों और साइबर बुलिंग के मामलों में प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कुसुम कंडवाल ने स्कूल और कॉलेजों में बेटियों को सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही निजी संस्थानों में कार्यरत महिला कर्मचारियों को कार्यस्थल पर उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों के लिए आईसीसी (Internal Complaints Committee) की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
इस दौरान स्थानीय पुलिस और प्रशासन का पूरा सहयोग रहा। निरीक्षण के समय कोटद्वार थाना प्रभारी प्रदीप नेगी, महिला हेल्पलाइन प्रभारी एसआई दीपिका बिष्ट और महिला आयोग अध्यक्ष के निजी सचिव आधार वर्मा मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ