Ticker

10/recent/ticker-posts

असनखेत शिविर में 314 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, विधायक महंत दिलीप सिंह रावत बोले – सरकार पहुंची गांव-गांव

असनखेत जयहरीखाल में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में विधायक महंत दिलीप सिंह रावत ग्रामीणों से संवाद करते हुए

असनखेत शिविर में उमड़ी भीड़, 314 लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ

जयहरीखाल/13 फरवरी 2026।
विकासखंड जयहरीखाल की न्याय पंचायत असनखेत में “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। शिविर में समस्याओं के समाधान के साथ विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं का लाभ मौके पर ही प्रदान किया गया, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक माहौल बना।

शिविर में कुल 25 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का निस्तारण तत्काल कर दिया गया। विभिन्न विभागों की ओर से 314 लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ प्रदान किया गया। वहीं, कुल 521 ग्रामीणों ने शिविर में प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं रखीं और विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।

विधायक महंत दिलीप सिंह रावत ने लिया व्यवस्थाओं का जायज़ा

क्षेत्रीय विधायक महंत दिलीप सिंह रावत ने शिविर में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है। अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके।


प्राथमिकता के आधार पर हो रहा शिकायतों का निस्तारण

उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने बताया कि शिविरों में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जा रहा है। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को जनता से सतत संवाद बनाए रखने और संवेदनशीलता के साथ शिकायतों के समाधान के निर्देश दिए।

23 विभागों ने लगाए स्टॉल

शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, आयुर्वेदिक एवं यूनानी, पशुपालन, राजस्व, वन विभाग सहित कुल 23 विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख रणवीर सजवाण, ज्येष्ठ उप प्रमुख सुरेंद्र नेगी, अधिशासी अभियंता लोनिवि निर्भय सिंह, खंड विकास अधिकारी रवि सैनी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ