
Mahashivratri Celebration in Kotdwar 2026
महाशिवरात्रि पर कोटद्वार के शिवालयों में उमड़ा जनसैलाब, हर-हर महादेव के गूंजे जयकारे
कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कोटद्वार, भाबर और पर्वतीय क्षेत्रों के शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और भजन-कीर्तन का दौर जारी रहा। “हर-हर महादेव” के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।
बुधवार तड़के करीब पांच बजे से हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवड़ियों ने विभिन्न शिव मंदिरों में जलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, बेलपत्र और दूध अर्पित कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
प्रमुख मंदिरों में उमड़ी भीड़
कोटद्वार के प्रसिद्ध मंदिरों — सिद्धपीठ श्री सिद्धबली मंदिर, सुखरो देवी मंदिर, फलाहारी बाबा मंदिर, श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर, बालाजी मंदिर, संतोषी माता मंदिर, गीता भवन मंदिर, सिंदूरा देवी मंदिर, भैरव मंदिर, मनकामेश्वर मंदिर सहित कई शिवालयों में दिनभर भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने अनुशासन के साथ लाइन में लगकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी दिखा उत्साह
दुगड्डा, यमकेश्वर, धुमाकोट, सल्ड महादेव और सतपुली क्षेत्र के मंदिरों में भी महाशिवरात्रि को लेकर विशेष आयोजन किए गए। दुर्गादेवी मंदिर, महाबगढ़ मंदिर, लघुकेदार मंदिर, सल्ड महादेव मंदिर, दंगलेश्वर महादेव मंदिर और ताड़केश्वर मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी रही।
मंदिरों में दिनभर भजन-कीर्तन, रुद्राभिषेक और विशेष पूजन कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था भी दुरुस्त रखी गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महाशिवरात्रि के अवसर पर क्षेत्र भर में आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
0 टिप्पणियाँ