Ticker

10/recent/ticker-posts

नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल 2026: बिलखेत में 26-28 फरवरी को पैराग्लाइडिंग, कयाकिंग और हॉट एयर बैलून का रोमांच

 

Nayar Valley Adventure Festival 2026 Bilkhet Pauri

बिलखेत में 26-28 फरवरी को नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल 2026, डीएम ने तैयारियों का लिया जायज़ा

पौड़ी गढ़वाल, 17 फरवरी 2026। देवभूमि उत्तराखंड की वादियों में रोमांच का सबसे बड़ा उत्सव सजने जा रहा है। जनपद पौड़ी के सतपुली स्थित बिलखेत में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल–2026 का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों का निरीक्षण जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर किया और संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि फेस्टिवल में माउंटेन बाइकिंग, पैराग्लाइडिंग, एंगलिंग, कयाकिंग, पैरामोटरिंग और हॉट एयर बैलून जैसी रोमांचक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। आम जनता के लिए टेंडम पैराग्लाइडिंग की विशेष व्यवस्था भी की गई है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को रोमांचक अनुभव मिल सके।

एडवेंचर जोन और सांस्कृतिक संध्या आकर्षण का केंद्र

युवाओं और स्कूली बच्चों में साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए विशेष एडवेंचर जोन बनाया जाएगा। इसमें बर्मा ब्रिज, जिपलाइन, कमांडो नेट और रिवर्स बंजी जंपिंग जैसी गतिविधियां शामिल रहेंगी।
फेस्टिवल के दौरान शाम को सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन होगा, जिसमें लोकगायक संकल्प खेतवाल और प्रीतम भरतवाण अपनी प्रस्तुतियां देंगे।


व्यवस्थाओं को लेकर दिए सख्त निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य कार्यक्रम स्थल, कयाकिंग और पैराग्लाइडिंग साइट सहित विभिन्न स्थानों का जायज़ा लिया। उन्होंने मैदान समतलीकरण, झाड़ियों की सफाई, टेंट, मंच, एलईडी स्क्रीन, साउंड सिस्टम और स्टॉल की व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति, जल संस्थान को पेयजल व्यवस्था और स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया है।


पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर

जिलाधिकारी ने कहा कि नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल क्षेत्रीय पर्यटन को नई पहचान देगा। स्थानीय युवाओं को पैराग्लाइडिंग, कयाकिंग और अन्य एडवेंचर गतिविधियों का प्रशिक्षण देकर स्वरोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे। अन्य राज्यों के युवा भी यहां प्रशिक्षण के लिए आ सकेंगे।
पर्यटन विभाग को फेस्टिवल के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए होर्डिंग और प्रचार सामग्री लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ