
पौड़ी गढ़वाल में स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करती जिलाधिकारी
पौड़ी में स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा, डीएम ने दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि वे लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति की अद्यतन जानकारी प्रस्तुत करें तथा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का फॉलोअप करते हुए एक पखवाड़े के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
ये भी देखें: फरसूला न्याय पंचायत में बहुउद्देश्यीय शिविर, 78 शिकायतें दर्ज, 122 को योजनाओं का लाभ
बैठक में डेयरी विभाग को गंगा गाय महिला डेयरी विकास योजना के तहत बैंक स्तर पर लंबित आवेदनों को एक सप्ताह में निस्तारित कराने तथा दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन योजना के लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं कृषि विभाग को कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत निर्धारित 40 लक्ष्यों को माह के अंत तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
जिला प्राधिकृत समिति की बैठक में उत्तराखण्ड उद्यम एकल खिड़की सुगमता एवं अनुज्ञापन प्रणाली के अंतर्गत प्राप्त 10 आवेदनों पर चर्चा की गई तथा उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में होम स्टे योजनाओं से जुड़े नक्शा प्रकरणों को पर्यटन अधिकारी एवं एएमए जिला पंचायत को आपसी समन्वय से निस्तारित करने को कहा गया, जिससे ग्रामीण स्वरोजगार को बढ़ावा मिल सके।
जिला स्वरोजगार प्रोत्साहन एवं अनुश्रवण समिति के अंतर्गत मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना 2.0 के तहत लक्षित 725 इकाइयों का लक्ष्य पूर्ण करने, दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) विकास योजना के 20 लक्ष्यों तथा उद्यान विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना के 40 लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को बकरी पालन एवं गौपालन योजनाओं के लक्ष्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, प्रबंधक उद्योग राजेन्द्र आर्या, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी एन.के. ओझा, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला पर्यटन एवं विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ