![]() |
| धुमाकोट में जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर |
धुमाकोट में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत बहुउद्देश्यीय शिविर
77 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ, 14 शिकायतों में से अधिकांश का मौके पर निस्तारण
अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
पौड़ी गढ़वाल, 28 जनवरी 2026।
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड नैनीडांडा की न्याय पंचायत कसाणा में तहसील परिसर धुमाकोट में बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 520 स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 14 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया।
शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागीय योजनाओं के अंतर्गत 77 पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया, जबकि 104 प्रकार के प्रमाण पत्र भी बनाए गए। शिविर की अध्यक्षता करते हुए अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम जनता की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद की प्रत्येक न्याय पंचायत में चरणबद्ध तरीके से बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके द्वार तक मिल सके। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
ये भी देखें: पौड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा, डीएम स्वाति भदौरिया के सख्त निर्देश
शिविर के दौरान अपर जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी, उपजिलाधिकारी धुमाकोट श्रेष्ठ गुनसोला, नोडल अधिकारी शिविर एवं अधिशासी अभियंता जल निगम अजय बेलवाल, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई पान सिंह, तहसीलदार कुंदन सिंह नयाल, खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद पांडे, नायब नाजिर पुष्कर सिंह, जेई आरईएस विनय भंडारी सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ