![]() |
| पौड़ी जनपद में वृहद स्वच्छता अभियान की शुरुआत |
गणतंत्र दिवस से 26 फरवरी तक पौड़ी जनपद में वृहद स्वच्छता अभियान, स्वच्छता को आदत बनाने की दिशा में जिला प्रशासन की पहल
ग्रामीण बाजारों से लेकर नगरीय वार्डों, पर्यटन स्थलों तक चलेगा एक माह का विशेष स्वच्छता अभियान
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत ग्रामीण बाजारों, छोटी बसावटों, प्रमुख हाट-बाजारों, पर्यटक स्थलों, सड़क किनारे के क्षेत्रों और कूड़ा संग्रहण स्थलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की नियमित सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाएगा। सभी संबंधित विभागों को प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता कार्यों की निगरानी संबंधित खंड विकास अधिकारी (BDO) द्वारा की जाएगी, जबकि नगरीय क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, ट्रेंचिंग, सड़क किनारे कूड़ा डंपिंग रोकने, फॉगिंग तथा वार्ड स्तर पर सामूहिक स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे। नगरीय क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ते हुए जनसहभागिता को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी ब्लॉकों में बल्क वेस्ट एवं बाजार क्षेत्रों को चिह्नित कर कूड़ा गाड़ियों का रोस्टर तैयार किया जाए तथा कूड़ा संग्रहण स्थलों का स्पष्ट निर्धारण किया जाए। बाजारों की सूची तैयार कर क्षेत्रवार स्वच्छता योजना बनाने, पर्यावरण मित्रों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा कॉम्पैक्टर पर कूड़े का पृथक्करण कर वैज्ञानिक निस्तारण करने के भी निर्देश दिए गए हैं। जहां कॉम्पैक्टर पर कर्मचारी उपलब्ध नहीं हैं, वहां शीघ्र नियुक्ति की जाएगी।
ये भी देखें: ICMR की राष्ट्रीय बैठक में एकोहम की डॉ. अपाला बडूनी ने रखा पॅलिएटिव केयर का हब एंड स्पोक मॉडल
स्वच्छता व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नैनीडांडा, पौड़ी एवं यमकेश्वर में पायलट आधार पर इंसीनरेटर स्थापित किए जाएंगे। अभियान का क्रियान्वयन बीडीओ, एडीओ पंचायत एवं जिला पंचायत के आपसी समन्वय से किया जाएगा। साथ ही स्वच्छता नियमों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर 26 फरवरी के बाद भी उनका प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए व्यापक जनजागरूकता और जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा, जिससे स्वच्छता को लेकर सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और सहभागिता को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार, परियोजना प्रबंधक स्वजल दीपक रावत सहित अन्य अधिकारी भौतिक रूप से तथा समस्त खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ