
यूसीसी दिवस पर पौड़ी गढ़वाल में आयोजित कार्यक्रम, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से जनसभा को संबोधित किया
यूसीसी दिवस: पौड़ी में भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से दी शुभकामनाएँ, 43 हजार से अधिक पंजीकरण पूर्ण —

पौड़ी गढ़वाल।
समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में मंगलवार को भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता करते हुए जनपदवासियों को यूसीसी दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
यूसीसी केवल कानून नहीं, जनकल्याण का सशक्त माध्यम: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि समान नागरिक संहिता केवल घोषणा तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह धरातल पर प्रभावी रूप से लागू होकर जनकल्याण का माध्यम बनी है। उन्होंने कहा कि यूसीसी से सरकारी सेवाओं तक आमजन की पहुँच सरल, पारदर्शी और न्यायसंगत हुई है। यह कानून भारतीय संस्कृति में निहित समानता, सामाजिक न्याय और बंधुत्व के मूल्यों को सशक्त करता है तथा महिलाओं को न्याय, सम्मान और समान अवसर प्रदान करता है।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी एवं जिलाधिकारी श्रीमती स्वाति एस. भदौरिया द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। संस्कृति विभाग द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
जनपद के सभी विकासखंडों में आयोजित हो रहे हैं कार्यक्रम
जिला पंचायतीराज अधिकारी जितेंद्र कुमार ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि यूसीसी दिवस के अवसर पर जनपद पौड़ी के सभी विकासखंडों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। खंड विकास अधिकारी श्रीमती दृष्टि आनंद ने यूसीसी को अधिकार के रूप में जन-जन तक पहुँचाने के लिए जनसहभागिता की अपील की।
यूसीसी पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान यूसीसी पर आधारित एक लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें इसके उद्देश्य, महत्व और प्रमुख प्रावधानों की सरल एवं संक्षिप्त जानकारी दी गई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और विद्यार्थियों का सम्मान
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में हेमंती सिंह द्वारा “हम उत्तराखंडी छा” गीत की प्रस्तुति दी गई। विद्यालय स्तर पर आयोजित निबंध, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट ग्राम पंचायतें व कर्मचारी हुए सम्मानित
जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जनपद के प्रथम यूसीसी पंजीकरणकर्ता दंपत्ति अंकित एवं रिंकी तड़ियाल को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
ये भी देखें: उच्च शिक्षा विभाग को मिले 10 नए प्रयोगशाला सहायक, मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वितरित किए नियुक्ति पत्र
यूसीसी समानता और न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम: विधायक
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि समान नागरिक संहिता समाज में समानता, न्याय और पारदर्शिता की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। यह कानून किसी वर्ग विशेष के लिए नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने प्रशासन एवं जनसहयोग से यूसीसी के सफल क्रियान्वयन की सराहना की।
पौड़ी जनपद में 43,784 यूसीसी पंजीकरण पूर्ण: जिलाधिकारी
जिलाधिकारी श्रीमती स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि कभी समान नागरिक संहिता को केवल एक आदर्श कल्पना माना जाता था, लेकिन उत्तराखण्ड में इसे दृढ़ इच्छाशक्ति और सामूहिक प्रयास से मात्र तीन वर्षों में लागू किया गया। उन्होंने बताया कि जनपद की 1166 ग्राम पंचायतों में से 835 पंचायतों में यूसीसी से संबंधित कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है तथा वर्तमान तक 43,784 पंजीकरण पूर्ण हो चुके हैं।
कार्यक्रम के समापन पर किया गया आभार व्यक्त
कार्यक्रम के समापन अवसर पर अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन जयदीप रावत ने किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।




0 टिप्पणियाँ