Ticker

10/recent/ticker-posts

नैनीडांडा डुंगरी में बहुउद्देश्यीय शिविर, 250 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ | Pauri Garhwal News

 

नैनीडांडा डुंगरी में जन-जन की सरकार अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनते उपजिलाधिकारी


नैनीडांडा के डुंगरी में लगा बहुउद्देश्यीय शिविर, 250 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत उपजिलाधिकारी ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

पौड़ी गढ़वाल, 06 फरवरी 2026:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत विकासखंड नैनीडांडा की न्याय पंचायत डुंगरी में शुक्रवार को बहुउद्देश्यीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

शिविर के दौरान कुल 19 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। वहीं विभिन्न विभागीय योजनाओं के माध्यम से 250 पात्र लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया। शिविर में कुल 530 लोगों ने प्रतिभाग किया।


उपजिलाधिकारी ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी धुमाकोट श्रेष्ठ गुनसोला ने की। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का समाधान मौके पर नहीं हो सका है, उनका निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र सुनिश्चित किया जाए।

ये भी देखें: इंटर कॉलेज यमकेश्वर भवन उद्घाटन: योगी–धामी ने बताया शिक्षा का नया मॉडल

उपजिलाधिकारी ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उनके गांव में ही उपलब्ध कराना है, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।


विभागीय स्टॉलों से दी गई योजनाओं की जानकारी

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया। उपजिलाधिकारी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सही जानकारी और समयबद्ध सेवा उपलब्ध कराई जाए।


ये रहे उपस्थित अधिकारी

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी, खंड विकास अधिकारी प्रमोद चंद पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।



एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ